दवा दुकानों की होगी सघन जांच, स्कूलों के 500 मीटर दायरे को बनाया जाएगा ड्रग-मुक्त क्षेत्र
दवा दुकानों की होगी सघन जांच, स्कूलों के 500 मीटर दायरे को बनाया जाएगा ड्रग-मुक्त क्षेत्र
दवा दुकानों की होगी सघन जांच, स्कूलों के 500 मीटर दायरे को बनाया जाएगा ड्रग-मुक्त क्षेत्र
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन पर रोक लगाने, नशा उन्मूलन तथा लोगों में जागरूकता बढ़ाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी सहायक औषधि नियंत्रकों और औषधि निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में मेडिकल स्टोरों की नियमित एवं सघन जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दवा दुकानों पर प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाए। अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने औषधि निरीक्षकों को मद्यनिषेध विभाग और संबंधित थाना पुलिस के साथ समन्वय कर जरूरत के अनुसार संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। अधिकारियों से कहा गया कि वे केवल नियमित जांच तक सीमित न रहें, बल्कि क्षेत्र में भ्रमण कर दवा दुकानों की औचक जांच करें और आसूचना एकत्र कर विश्वसनीय सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।
स्कूल-कॉलेज के 500 मीटर दायरे में नशे पर रोक
जिलाधिकारी ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों की 500 मीटर की परिधि को प्रभावी रूप से ड्रग-मुक्त क्षेत्र बनाने का निर्देश दिया। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रड्डी ने सभी थानाध्यक्षों को थाना क्षेत्रों, खासकर जिले के सीमावर्ती इलाकों में लगातार सघन जांच अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध परिवहन, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
बैठक में सहायक आयुक्त मद्यनिषेध प्रदीप कुमार सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद थे। संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।