पेयजल संकट पर डीएम सख्त, शिकायत वाले क्षेत्रों में टैंकर से होगी तत्काल जलापूर्ति
पेयजल संकट पर डीएम सख्त, शिकायत वाले क्षेत्रों में टैंकर से होगी तत्काल जलापूर्ति
पेयजल संकट पर डीएम सख्त, शिकायत वाले क्षेत्रों में टैंकर से होगी तत्काल जलापूर्ति
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पेयजल की समस्या को लेकर किसी भी क्षेत्र के लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। शिकायत मिलने वाले क्षेत्रों में तत्काल टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में दरभंगा ग्रामीण के विधायक राजेश कुमार मंडल भी मौजूद रहे। इस दौरान जिले में पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, नल-जल योजनाओं, नई जलापूर्ति योजनाओं, खराब चापाकलों की मरम्मत और नगर निकाय क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
डीएम ने कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन इलाकों से जलापूर्ति बाधित होने या पेयजल की कमी की शिकायत मिल रही है, वहां बिना विलंब टैंकर से पानी पहुंचाया जाए। नल-जल और नई जलापूर्ति योजनाओं को सक्रिय रखने तथा तकनीकी खराबी के कारण बंद योजनाओं को तत्काल चालू कराने का निर्देश दिया गया।
नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की नियमित निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था से पानी उपलब्ध कराने को कहा गया।
नई जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने संवेदकों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कार्यबल और टीम बढ़ाकर योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा, ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
विधायक राजेश कुमार मंडल ने नए बोरिंग में वायरिंग का काम जल्द पूरा कराने की जरूरत बताई। उन्होंने पीएचईडी के अभियंताओं को क्षेत्र में सक्रिय रहकर पेयजल संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा।
डीएम ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को चापाकल मरम्मत दल को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया। खराब चापाकलों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने को कहा, ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों को पेयजल की सुविधा मिलती रहे।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं और संवेदकों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही पेयजल आपूर्ति की लगातार निगरानी, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और क्षेत्र का नियमित भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने को कहा।
बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, पीएचईडी के अभियंता और संबंधित संवेदक मौजूद थे।