बिरौल में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार प्रसार हेतु जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

दस्तक 7 मिडिया,विधि संवाददाता, बिरौल


प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा अजय कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार प्रसार हेतु जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आगामी 12 सितंबर को बिरौल न्यायालय परिसर में आयोजित होनेवाले राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उठाने को प्रेरित करने के लिए प्रचार गाड़ी निकाला गया। प्रधान जिला जज ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत जन कल्याणकारी अभियान है। प्रत्येक लोक अदालत में हजारों की संख्या में मुकदमों का निपटारा होता है एवं हजारों लोगों को न्यायालय की भागदौड़ से छुटकारा मिल जाता है। एक हीं दिन में सुलह समझौते से मामलों को सुलझाने से लोगों को उनके समय व धन की बचत के साथ साथ शारीरिक व मानसिक परेशानी भी समाप्त होती है। इसमें न कोई पक्ष जीतता है और न कोई हारता है। पक्षकारों के आपसी मतभेद दूर होते हैं और भाईचारा बना रहता है। उन्होंने अधिवक्ता संघ के सदस्यों से भी लोक अदालत को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। मौके पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शिव कुमार, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विजय कुमार मिश्र, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी प्रभात, सिविल जज जूनियर डिवीजन राकेश कुमार दीपक, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बच्चे लाल झा व सचिव राजकपूर पाण्डेय सहित अधिवक्तागण, न्यायालय कर्मी एवं पारा विधिक स्वयंसेवक आदि मौजूद थे।