बेनीपुर व्यवहार न्यायालय से राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया

दस्तक 7मीडिया,बेनीपुर /विधि संवाददाता 

आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को व्यवहार न्यायालय, बेनीपुर परिसर से प्रचार रथ रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथ को रवाना किया।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने कहा कि लोक अदालत न्याय का त्वरित, सुलभ और कम खर्चीला माध्यम है। आमजन अपने लंबित वादों का निपटारा आपसी समझौते के आधार पर लोक अदालत के माध्यम से कराएं, जिससे विवाद समाप्त होने के साथ आपसी सौहार्द भी बना रहे।

जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश ऋषि गुप्ता ने कहा कि न्यायालयों पर बढ़ते मुकदमों के बोझ को कम करने में लोक अदालत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अधिक से अधिक मामलों का आपसी समझौते से निपटारा समाज में शांति और सौहार्द कायम करने में सहायक होगा।

अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रौशन कुमार छपोलिया ने बताया कि बैंक, बीमा, बिजली, मोटर दुर्घटना, श्रम सहित अन्य सिविल एवं शमनीय आपराधिक मामलों का निपटारा लोक अदालत में आसानी से कराया जा सकता है।

अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी रोहित गुप्ता ने कहा कि प्रचार रथ के माध्यम से गांव-गांव तक लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें और कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।

बेनीपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र यादव ने कहा कि बार एसोसिएशन हमेशा लोक अदालत को सफल बनाने में सहयोग करती रही है। इस बार भी अधिवक्ता लोगों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव सुशील कुमार चौधरी ने कहा कि लोक अदालत आपसी प्रेम, भाईचारे और समझौते के आधार पर विवादों के समाधान का बेहतर मंच है। इसे सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।

प्रचार रथ रवाना किए जाने के अवसर पर बार एसोसिएशन के सचिव सहित कृष्ण कुमार झा, राजेंद्र प्रसाद, संजीत कुमार लाल देव, अशोक लाल देव, रजनीश पाण्डेय, प्रवीण कुमार सिंह, उमेश झा, अमर कुमार और राम विशेष ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।