वायरल वीडियो पर बिहार पुलिस का सख्त एक्शन, तीन जिलों में दारोगा पर गिरी थीं गाज

दस्तक 7मीडिया ,पटना/बक्सर/गोपालगंज।

बिहार पुलिस में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस अधिकारियों ने अनुशासनहीनता और नियमों के उल्लंघन के मामलों में सख्त कार्रवाई की है। पटना, बक्सर और गोपालगंज में अलग-अलग मामलों में पुलिसकर्मियों के वीडियो सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई की।

पटना: तौलिया लपेटकर फरियाद सुनना पड़ा महंगा

पटना जिले के अथमलगोला थाने में तैनात एएसआई अंजनी कुमार सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह शरीर पर केवल तौलिया लपेटकर थाना परिसर में फरियादियों की शिकायत सुनते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने जांच के आदेश दिए। जांच में मामला प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और विभागीय कार्रवाई शुरू की गई।

बक्सर: महिला डांसर के साथ वीडियो वायरल, दारोगा निलंबित

बक्सर के बघेला थाने में तैनात एक दारोगा का महिला डांसर के साथ आपत्तिजनक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामला सामने आने के बाद बक्सर एसपी शुभम आर्य ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए। जांच के बाद संबंधित दारोगा के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

गोपालगंज: शराब पीते और खरीदते वीडियो वायरल, एसआई लाइन हाजिर

गोपालगंज के फुलवरिया थाने में तैनात एसआई अवधेश प्रसाद का शराब खरीदने और पीने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। रिपोर्ट के अनुसार वीडियो में उन्हें उत्तर प्रदेश में शराब खरीदते और बाद में शराब पीते हुए दिखाया गया। मामला सामने आने के बाद गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने एसआई को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया। मामले में जांच भी शुरू की गई।

वायरल वीडियो पर पुलिस का स्पष्ट संदेश

इन मामलों से साफ है कि बिहार पुलिस अब सोशल मीडिया पर सामने आने वाले पुलिसकर्मियों के अनुशासनहीन आचरण को गंभीरता से ले रही है। ड्यूटी के दौरान मर्यादा का उल्लंघन, वर्दी की गरिमा के विपरीत आचरण अथवा शराबबंदी कानून से जुड़े नियमों का उल्लंघन सामने आने पर जांच के बाद तत्काल विभागीय कार्रवाई की जा रही है।