राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रथ रवाना

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों की मौजूदगी में रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत समाज की बेहतरी के लिए महत्वपूर्ण मंच है। छोटे-छोटे विवादों को आपसी सुलह और समझौते के माध्यम से निपटाना समझदारी है। उन्होंने आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से समय और धन दोनों की बचत होती है। साथ ही आपसी विवादों का शांतिपूर्ण समाधान सामाजिक एकता को मजबूत करता है।

इसके बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने विचाराधीन बंदियों की जमानत एवं रिहाई तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक की।

बैठक में जिला पदाधिकारी सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के उपाध्यक्ष कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक सह सदस्य जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष चंद्रधर मल्लिक, सचिव कृष्ण कुमार मिश्र, लोक अभियोजक अमरेंद्र नारायण झा, सरकारी अधिवक्ता मिहिर कुमार झा, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार, मंडल कारा अधीक्षक स्नेहलता, बेनीपुर उपकारा अधीक्षक वीरेंद्र कुमार राय सहित अन्य अधिकारी एवं अधिवक्ता मौजूद रहे।