गायघाट और कटरा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों को बाढ़ग्रस्त घोषित करने की उठी मांग,

विधायक कोमल सिंह ने जिलाधिकारी को लिखा पत्र

दीपक कुमार/ गायघाट

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ते जलस्तर ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गायघाट और कटरा प्रखंड की कई पंचायतों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर गायघाट विधायक कोमल सिंह ने मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इन प्रभावित क्षेत्रों का अविलंब सर्वेक्षण कराकर बाढ़ग्रस्त घोषित करने की मांग की है।

विधायक कोमल सिंह ने जिलाधिकारी को लिखे पत्र में बताया है कि गायघाट प्रखंड के कांटा पिरौछा दक्षिणी, कांटा पिरौछा उत्तरी, जमालपुर कोदई व केवटसा पंचायत, तथा कटरा प्रखंड के सोनपुर पंचायत के माधोपुर और बंजारी गांव, धनौर पंचायत के वार्ड नंबर 2 (सहनी टोला), शिवदासपुर पंचायत के बसंत बांध के पास के टोला और कटरा पंचायत के वार्ड नंबर 1 (मंडल टोला) में बाढ़ का असर काफी गंभीर है।

लगातार पानी बढ़ने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार प्रभावित हुए हैं। क्षेत्र में आवागमन, खाद्यान्न, पेयजल और पशुचारे जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी किल्लत हो गई है। किसानों की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं और आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त है।

विधायक ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित इलाकों का तुरंत स्थल निरीक्षण कराकर आवश्यक राहत कार्य चलाए जाएं और प्रभावित पंचायतों को आधिकारिक रूप से बाढ़ग्रस्त घोषित किया जाए।