घर में अकेली थी मूक-बधिर विवाहिता, सामूहिक दुष्कर्म के आरोप से मचा हड़कंप; दो हिरासत में।
प्रशांत कुमार, दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।
थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है एक गांव में मूक-बधिर विवाहित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपितों में से दो को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, तीसरे नामजद आरोपित के फरार होने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
ग्रामीणों के अनुसार, पीड़िता, उसका पति और सास तीनों मूक-बधिर हैं। रविवार की सुबह पीड़िता का पति मजदूरी करने के लिए बगल के गांव में चला गया था, जबकि उसकी सास जलावन चुनने के लिए घर से बाहर गई थी। इस दौरान पीड़िता घर में अकेली थी।
बताया जाता है कि करीब 11 बजे पीड़िता घर के पीछे स्थित शौचालय की ओर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही तीन लोगों—जगदीश पौद्दार, रामपृत यादव और देव नारायण यादव—ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपित वहां से चले गए।
कुछ देर बाद सास के घर लौटने पर पीड़िता ने इशारों के माध्यम से उसके साथ हुई घटना की जानकारी दी। शाम को मजदूरी से लौटने के बाद पति को भी घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद घटना की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंची।
सोमवार को ग्रामीणों ने मामले की सूचना डायल-112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची। बाद में ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी, डीएसपी प्रभाकर तिवारी और थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित जगदीश पौद्दार और रामपृत यादव को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी। वहीं, तीसरे आरोपित देव नारायण यादव की तलाश की जा रही है।
डीएसपी प्रभाकर तिवारी ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पीड़िता से प्राप्त जानकारी और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।