लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में तेजी लाने को कहा

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सोमवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्री स्वप्निल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी, मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, लोक शिकायत निवारण, सीपीग्राम, ई-कंप्लायंस डैशबोर्ड, जनता दरबार और राजस्व जन शिकायत सहित विभिन्न मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। डीडीसी ने सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि मामलों के निपटारे में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित पदाधिकारी अपने विभाग से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें। नीलाम पत्र से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

फेसबुक लाइव के जरिए आमजन को योजनाओं की जानकारी देने का निर्देश

डीडीसी ने जिला प्रशासन के फेसबुक लाइव मंच के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की सरल और विस्तृत जानकारी आमजन तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया, ताकि पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में तेजी लाने को कहा

बैठक में जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए अब तक भूमि चिन्हित नहीं की गई है, वहां शीघ्र भूमि का चिन्हीकरण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी करें।

उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण करने तथा निर्माण में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।