12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, मामलों के निष्पादन को लेकर अधिकारियों की बैठक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सोमवार को एडीआर भवन में विभागीय अधिकारियों एवं विभिन्न बैंकों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने की। उन्होंने विद्युत, माप-तौल, मजदूरी समेत अन्य विभागों से संबंधित मामलों की अद्यतन सूची तैयार कर कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस जारी किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय स्तर पर भी पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मामलों का समझौते के आधार पर निष्पादन कराने के लिए प्रेरित करें। अधिक से अधिक मामलों में पक्षकारों के बीच आपसी समझौता कराने का प्रयास करने को कहा गया। विद्युत विभाग से संबंधित मामलों को लोक अदालत में निष्पादन के लिए चयनित करने पर विशेष जोर दिया गया।

वहीं, मुकदमा पूर्व मामलों के तहत विभिन्न बैंकों के ऋण संबंधी मामलों का चयन, प्रचार-प्रसार एवं पक्षकारों को लोक अदालत की जानकारी देने के संबंध में बैंक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ऋणधारकों को विशेष छूट उपलब्ध कराने की भी बात कही गई।

बैठक में प्रमंडलीय वन अधिकारी, श्रम अधीक्षक, माप-तौल अधीक्षक, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत कार्यपालक अभियंता, एलडीएम सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।