दरभंगा की विकास परियोजनाओं की रफ्तार पर सांसद संजय कुमार झा की नजर, एयरपोर्ट टर्मिनल से एलिवेटेड रोड तक लिया जायजा

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने सोमवार को दरभंगा जिले में चल रही विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन, दिल्ली मोड़ स्थित बस स्टैंड, मिथिला शोध संस्थान और निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड का बारी-बारी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी समेत संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी, अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सांसद ने सभी परियोजनाओं के स्थल पर संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं से निर्माण की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति, निर्धारित समय-सीमा और कार्य में आ रही बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने योजनावार समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सांसद ने कहा कि दरभंगा में चल रही ये परियोजनाएं जिले के विकास और आम लोगों की सुविधा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनके पूरा होने से आवागमन और परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ पर्यटन, शिक्षा और शोध के क्षेत्र में भी विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही परियोजनाओं की नियमित निगरानी और प्रगति की लगातार समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।

सांसद ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने भी अधिकारियों और अभियंताओं को सांसद के निर्देशों के अनुरूप निर्माण कार्य में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और समय-सीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की तकनीकी और भौतिक प्रगति के संबंध में सांसद को विस्तृत जानकारी दी।