मोटर वाहन निरीक्षक ने एस एच 56 पर चलाया अभियान, सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की रफ्तार पर अचानक लगा ब्रेक
मोटर वाहन निरीक्षक ने एस एच 56 पर चलाया अभियान, सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की रफ्तार पर अचानक लगा ब्रेक
मोटर वाहन निरीक्षक ने एस एच 56 पर चलाया अभियान, सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की रफ्तार पर अचानक लगा ब्रेक
दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
सोमवार को परिवहन विभाग के मोटर वाहन निरीक्षक सतीश कुमार के अचानक बिरौल पहुंचते ही वाहन चालकों और मालिकों में हड़कंप मच गया। उन्होंने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एसएच-56 (दरभंगा-कुशेश्वरस्थान मार्ग) पर सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया, जिससे बिना वैध कागजात के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लग गया। जैसे ही सड़कों पर मोटर वाहन निरीक्षक की मौजूदगी और धरपकड़ की खबर फैली, त्रुटिपूर्ण कागजात (फिटनेस, परमिट, बीमा व प्रदूषण आदि) वाले बस और ट्रक चालकों ने अपने वाहनों के पहिए जहां-तहां रोक दिए। कई चालकों ने पकड़े जाने के डर से वाहनों को सड़कों के किनारे खड़ा कर दिया, जिसके कारण मुख्य मार्ग पर लगभग एक घंटे तक सन्नाटा पसरा रहा। मामले की जानकारी देते हुए मोटर वाहन निरीक्षक सतीश कुमार ने स्पष्ट और सख्त लहजे में कहा कि नियम विरुद्ध और अधूरे या त्रुटिपूर्ण कागजात के साथ सड़कों पर वाहन दौड़ाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे सभी डिफॉल्टर वाहनों को चिन्हित कर भारी जुर्माना लगाये जाएंगे और यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस बड़े औचक निरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। मौके पर बिरौल थाना के अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पर्याप्त पुलिस बल के साथ तैनात रहे, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और जांच प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।