चार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों का तबादला, चारों को मिली नई जिम्मेदारी,

पटना हाईकोर्ट की अधिसूचना के बाद न्यायिक अधिकारियों का स्थानांतरण, अधिवक्ता कल्याण समिति ने दी बधाई

दस्तक 7मीडिया,पटना /विधि संवाददाता 

पटना हाईकोर्ट ने 14 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के तहत चार न्यायिक अधिकारियों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें विभिन्न जिलों में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी है। हाईकोर्ट की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सभी पदस्थापन स्थानांतरण के क्रम में किए गए हैं।

अधिसूचना के मुताबिक, डॉ. राकेश कुमार सिंह प्रथम को सुपौल के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद से स्थानांतरित कर गया का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। वहीं श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह, जो पूर्व में बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के सदस्य सचिव के पद पर कार्यरत थे, उन्हें भोजपुर (आरा) का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

डॉ॰ राकेश कुमार सिंह 

इसी क्रम में श्री राजेश कुमार बच्चन को खगड़िया के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पद से स्थानांतरित कर सुपौल का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। जबकि श्री अरविंद कुमार शर्मा, जो पूर्व में मुंगेर में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय के पद पर कार्यरत थे, उन्हें खगड़िया का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

श्री राजेश कुमार बच्चन 

श्री अरविंद कुमार शर्मा 

इस बीच, अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति (युवा प्रकोष्ठ) के राष्ट्रीय महामंत्री सुशील कुमार चौधरी ने सभी चारों न्यायिक पदाधिकारियों के नवीन पदस्थापन पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय के लिए पटना हाईकोर्ट के माननीय एक्टिंग चीफ जस्टिस एवं स्टैंडिंग कमिटी के सभी सदस्यों को भी बधाई दी।

धर्मेंद्र कुमार सिंह के कार्यों को किया याद

श्री चौधरी ने भोजपुर (आरा) के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाए गए धर्मेंद्र कुमार सिंह को विशेष रूप से बधाई देते हुए उनके पूर्व कार्यकाल को याद किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के सबसे कठिन दौर में श्री सिंह दरभंगा न्याय मंडल के बेनीपुर में अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम के पद पर पदस्थापित थे। उस समय उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना वर्चुअल मोड के बजाय फिजिकल मोड में न्यायालय का संचालन किया और आम लोगों को न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह 

श्री चौधरी के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार सिंह इससे पूर्व जमुई और भागलपुर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

उन्होंने डॉ. राकेश  कुमार सिंह प्रथम, श्री राजेश कुमार बच्चन और श्री अरविंद कुमार शर्मा को भी उनके नए पदस्थापन पर शुभकामनाएं दीं।

सुशील कुमार चौधरी ने विश्वास जताया कि सभी न्यायिक पदाधिकारी अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ करेंगे तथा आम जनता को शीघ्र, सुलभ एवं न्यायपूर्ण न्याय उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।