कांवड़ियों के भेष में शराब तस्करी, 8 गिरफ्तार; 276 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद,

मांझी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो व पिकअप जब्त; बलिया से समस्तीपुर जा रही थी शराब की खेप

दस्तक 7 मीडिया /सारण

मांझी थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कांवड़ियों के भेष में छिपे आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 276 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से एक स्कॉर्पियो और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।

मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश-बिहार मुख्य मार्ग के रास्ते शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध दो वाहनों को रोककर तलाशी ली।

पुलिस के अनुसार, शराब तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए कांवड़ियों का वेश धारण कर रखा था। दोनों वाहनों पर भगवा रंग के झंडे भी लगाए गए थे। तलाशी के दौरान वाहनों से कुल 276 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश के बलिया से लोड की गई थी और इसे समस्तीपुर में पहुंचाया जाना था। पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। धार्मिक यात्राओं और आयोजनों की आड़ में शराब की तस्करी किए जाने को लेकर पुलिस अब ऐसे मार्गों पर निगरानी और वाहन जांच को और तेज करने में जुटी है।