स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा दरभंगा प्रेक्षागृह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा दरभंगा प्रेक्षागृह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा दरभंगा प्रेक्षागृह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को दरभंगा प्रेक्षागृह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक और संगीत की प्रस्तुतियों ने प्रेक्षागृह में राष्ट्रप्रेम का उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा प्रेक्षागृह भारत माता के जयकारे और देशभक्ति की भावना से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी कौशल कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, जिला जन संपर्क पदाधिकारी आशीष अमन तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों और सांस्कृतिक संस्थाओं की टीमों ने देशभक्ति गीत, स्वागत गीत, सामूहिक नृत्य, वाद्य संगीत और नाटक सहित कई आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
देशभक्ति गीतों और सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। कलाकारों की प्रतिभा और शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दरभंगा प्रेक्षागृह दर्शकों, विद्यार्थियों और कलाकारों से खचाखच भरा रहा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की लगातार निगरानी की और कार्यक्रम के सुचारू संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंच संचालन राम बुझावन यादव ने प्रभावी ढंग से किया। उन्होंने प्रत्येक प्रस्तुति का परिचय देते हुए दर्शकों को कार्यक्रम से जोड़े रखा।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। इसकी गूंज से पूरा प्रेक्षागृह राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा। स्वतंत्रता दिवस का यह सांस्कृतिक आयोजन उत्साह, उमंग और देशप्रेम के बीच भव्य एवं यादगार रूप में संपन्न हुआ।