स्वतंत्रता दिवस पर बेनीपुर न्यायालय में शान से लहराया तिरंगा, स्वच्छता कर्मियों को किया गया सम्मानित

दस्तक 7मीडिया ,बेनीपुर /विधि संवाददाता 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर व्यवहार न्यायालय, बेनीपुर परिसर में शनिवार को भव्य समारोह आयोजित किया गया। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम ऋषि गुप्ता ने न्यायालय परिसर में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद न्यायालय परिसर की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को उनके समर्पण और मेहनत के लिए सम्मानित किया गया।

स्वच्छता कर्मी समाज के असली नायक : एडीजे

ध्वजारोहण के बाद संबोधित करते हुए एडीजे ऋषि गुप्ता ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत तभी बनाया जा सकता है, जब प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने सफाई कर्मियों को समाज का असली नायक बताते हुए उनके अथक परिश्रम और समर्पण का सम्मान करने की बात कही।

स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की नींव

अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रोशन कुमार छापोलिया ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण में रहना और कार्य करना न केवल सुखद होता है, बल्कि यह स्वस्थ समाज की मजबूत नींव भी तैयार करता है। उन्होंने आम लोगों से अनावश्यक गंदगी नहीं फैलाने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

न्यायिक पदाधिकारी व अधिवक्ता रहे मौजूद

समारोह में एसडीजेएम रोहित कुमार गुप्ता, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी श्रेया कुशवाहा, एसडीओ मनीष कुमार झा, एसडीपीओ बासुकीनाथ झा सहित अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, न्यायिक कर्मी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पूरे समारोह के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।