दरभंगा में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री ने किया ध्वजारोहण; विकास योजनाओं का गिनाया लेखा-जोखा,आयुक्त सह डीएम -एसपी ने फहराया झंडा
दरभंगा में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री ने किया ध्वजारोहण; विकास योजनाओं का गिनाया लेखा-जोखा,आयुक्त सह डीएम -एसपी ने फहराया झंडा
दरभंगा में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री ने किया ध्वजारोहण; विकास योजनाओं का गिनाया लेखा-जोखा,आयुक्त सह डीएम -एसपी ने फहराया झंडा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा टीम
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में पथ निर्माण विभाग के मंत्री सह दरभंगा जिले के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-13, जिला सशस्त्र पुलिस पुरुष एवं महिला, गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी तथा भारत स्काउट एवं गाइड की टुकड़ियों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। परेड में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-13 ने प्रथम, गृह रक्षा वाहिनी ने द्वितीय और एनसीसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मंत्री ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि मिथिलावासियों का स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने दरभंगा को मिथिला की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और साहित्यिक विरासत का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि दरभंगा की पहचान केवल एक प्रशासनिक जिले के रूप में नहीं, बल्कि ज्ञान, कला और संस्कृति की धरती के रूप में है।
उन्होंने कहा कि दरभंगा में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, रोजगार और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। दरभंगा शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। जिले में आठ आरओबी का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का निर्माण कार्य जारी है।
मंत्री ने बताया कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में 23 आदर्श विद्यालय, 25 पीएम श्री विद्यालय और आठ प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत करीब 12,870 युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए 290 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण दिया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डीएमसीएच में बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी का अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर शुरू हो गया है। न्यूरो सर्जरी ओटी और एडवांस आईसीयू भी जल्द शुरू किया जाएगा। आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन-आरोग्य योजना के तहत जिले में 20 लाख से अधिक कार्ड बनाए गए हैं।
ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के तहत रोजगार की अवधि 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है। जिले में सितंबर तक 10 लाख मानव दिवस रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। पर्यावरण संरक्षण के लिए सात लाख पौधे लगाने का कार्य भी चल रहा है।
कृषि क्षेत्र में मखाना, मशरूम और आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा देने की जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि 20 नवंबर को रैयाम और सकरी चीनी मिलों के पुनरुद्धार की आधारशिला रखी जाएगी। उन्होंने इसे किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में जिले में 44 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से ज्यादा परिवारों के जुड़ने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बड़ी संख्या में जीविका दीदियों को आर्थिक सहायता दी गई है।
भूमिहीन परिवारों के लिए अभियान बसेरा-2 के तहत दरभंगा सदर, बेनीपुर और बिरौल में कुल 1,320 परिवारों को वास भूमि का पर्चा दिए जाने की जानकारी भी दी गई। मंत्री ने कहा कि जमीन का पर्चा गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अधिकार-पत्र है।
खाद्य सुरक्षा के तहत जिले में 86 हजार से अधिक अंत्योदय परिवारों को हर महीने मुफ्त खाद्यान्न तथा 32 लाख 86 हजार से अधिक लाभुकों को प्रति व्यक्ति पांच किलो अनाज दिए जाने की जानकारी दी गई। जिले में 99.35 प्रतिशत लाभुकों का आधार सीडिंग पूरा होने की बात भी कही गई।
सड़क, पर्यटन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में 18 सड़क एवं पुल परियोजनाओं, बेनीपुर बाईपास, दिल्ली मोड़ बस स्टैंड के आधुनिकीकरण तथा गंगासागर, हराही और दिघी तालाबों के कायाकल्प की योजनाओं का भी उल्लेख किया गया। कुशेश्वरस्थान और अहिल्या स्थान के सौंदर्यीकरण तथा मिथिला संस्कृत शोध संस्थान के विकास के लिए स्वीकृत राशि की भी जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में 600 घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जाने की जानकारी दी गई।
समारोह में देहदान और नेत्रदान करने वालों के परिजनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी कार्यक्रम के कर्मियों, करदाताओं और होली क्रॉस स्कूल के बच्चों को भी सम्मानित किया गया। जीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंक क्रेडिट लिंकेज के रूप में 51 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया गया।
रविदास टोला में डीएम-एसएसपी ने फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने बहादुरपुर प्रखंड के खराजपुर पंचायत स्थित बरहेता रविदास टोला में आयोजित विशेष समारोह में हिस्सा लिया। राष्ट्रध्वज को सलामी देने के बाद राष्ट्रगान हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। महादलित समुदाय के लोगों ने आयोजन के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
आयुक्त कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण
आयुक्त कार्यालय परिसर में प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने ध्वजारोहण किया। समारोह में पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। संगीत शिक्षक एवं छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर राष्ट्रीय पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। सेविका-सहायिका, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने समारोह में भाग लिया। इस दौरान बच्चों और समुदाय के सदस्यों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
इस तरह जिले में मुख्य समारोह से लेकर गांवों, रविदास टोला, आयुक्त कार्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों तक स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और राष्ट्रीय भावना के साथ मनाया गया।
स्वतंत्रता दिवस पर बिहार पुलिस के 18 पदाधिकारी पदकों से सम्मानित, पुलिस निरीक्षक मो. अफसर हुसैन को वीरता पदक, दो को विशिष्ट सेवा और 15 को सराहनीय सेवा पदक
80वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस मुख्यालय में डीजीपी विनय कुमार ने फहराया तिरंगा