स्वतंत्रता दिवस पर बिहार पुलिस के 18 पदाधिकारी पदकों से सम्मानित,
पुलिस निरीक्षक मो. अफसर हुसैन को वीरता पदक, दो को विशिष्ट सेवा और 15 को सराहनीय सेवा पदक

दस्तक 7मीडिया /पटना 

स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर बिहार पुलिस के पदाधिकारियों को उनकी वीरता, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा के लिए विभिन्न पुलिस पदकों से सम्मानित किया गया है। पुलिस निरीक्षक मो. अफसर हुसैन को पुलिस वीरता पदक से अलंकृत किया गया है।

मो. अफसर हुसैन को यह सम्मान 10 जुलाई 2020 को बगहा जिले के लौकरिया वन क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए मिला है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चार नक्सली मारे गए थे। मौके से बड़ी मात्रा में आधुनिक हथियार, कारतूस, डेटोनेटर समेत अन्य सामान बरामद किए गए थे। इस मामले में लौकरिया थाना कांड संख्या 48/2020 दर्ज किया गया था।

इस मुठभेड़ में पुलिस निरीक्षक मो. अफसर हुसैन की भूमिका महत्वपूर्ण रही थी। उनकी वीरता और साहस को देखते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया है।

इसके अलावा बिहार पुलिस के दो पदाधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक (विशिष्ट सेवा) से सम्मानित किया जाएगा। वहीं 15 पदाधिकारियों को पुलिस पदक (सराहनीय सेवा) से सम्मानित किया गया है।

बिहार पुलिस ने सभी पदक प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनकी सेवाओं को पुलिस विभाग के लिए गौरव का विषय बताया है।