डीएमसीएच में बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी का शल्य कक्ष शुरू, नौ वर्षीय बच्चे का सफल ऑपरेशन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी की अत्याधुनिक चिकित्सा सेवा को नई गति मिली है। अस्पताल के पांचवें तल पर स्थित बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के शल्य कक्ष में शुक्रवार को विधिवत काम शुरू किया गया। इस अवसर पर दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय और जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शल्य कक्ष का शुभारंभ किया।

शल्य कक्ष के शुभारंभ के साथ ही नौ वर्षीय मो. हामिद का सफल प्लास्टिक सर्जरी ऑपरेशन भी किया गया। जलने के कारण उसकी दाहिनी जांघ में बना घाव करीब आठ माह से ठीक नहीं हो रहा था। बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने ऑपरेशन किया। टीम में डॉ. मेराज अहमद, डॉ. राजेश कुमार और डॉ. आसिफ अली शामिल रहे।

ऑपरेशन के दौरान निश्चेतना विभागाध्यक्ष डॉ. हरि दामोदर सिंह के साथ डॉ. रवि और डॉ. मनोज कुमार ने आवश्यक चिकित्सा सहयोग दिया। चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा। इसके बाद बच्चे को वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया।

डीएमसीएच अधीक्षक के अनुसार सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कुल आठ अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर उपलब्ध हैं। विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि न्यूरो सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू में सेवा शुरू करने की तैयारी भी अंतिम चरण में है। जल्द ही न्यूरो सर्जरी की सुविधा भी मरीजों को मिलने लगेगी।

बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी तथा अन्य सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार से दरभंगा समेत उत्तर बिहार के मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद बढ़ी है।