बच्चों से स्कूल की सफाई कराने पर प्रधानाध्यापक से 24 घंटे में स्पष्टीकरण, बीडीओ ने दी कार्रवाई की चेतावनी।

प्रशांत कुमार, दस्तक 7 मीडिया कुशेश्वरस्थान।

उत्क्रमित मध्य विद्यालय धाबोलिया में छोटे-छोटे स्कूली बच्चों से विद्यालय परिसर के बाहरी हिस्से में साफ-सफाई और जंगल-झाड़ी हटवाने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। कुशेश्वरस्थान पूर्वी के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को पत्र जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। बीडीओ ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा सकती है।

उत्क्रमित मध्य विद्यालय धाबोलिया के प्रधानाध्यापक के द्वारा 11 अगस्त 2026 को विद्यालय के छात्रों से अनधिकृत रूप से सफाई कार्य कराए जाने से संबंधित वायरल वीडियो का उल्लेख करते हुए पत्र में कहा गया है कि 11 अगस्त को प्रधानाध्यापक की उपस्थिति में विद्यालय के छोटे-छोटे छात्रों से विद्यालय परिसर के बाहरी भाग में साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा था, जिसका वीडियो वायरल हुआ है। प्रशासन ने विशेष रूप से बरसात के मौसम में इस प्रकार बच्चों को जंगल-झाड़ी साफ करने के लिए लगाए जाने को गंभीर मामला माना है।

बीडीओ ने अपने पत्र में क्षेत्र में हाल ही में हुई सर्पदंश की घटना का भी उल्लेख किया है। पत्र के अनुसार, बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं की आशंका बनी रहती है और ग्राम पंचायत केवटगामा में करीब दो दिन पहले सर्पदंश से एक व्यक्ति की मृत्यु की घटना भी हुई थी। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चों से झाड़ी और जंगल साफ करवाना उनके लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है।

प्रशासन ने कहा है कि विद्यालय परिसर में झाड़ियों के बीच सांप के रहने की प्रबल संभावना बनी रहती है। ऐसी स्थिति में बच्चों को सफाई कार्य में लगाने से उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। साथ ही पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि छोटे बच्चों से इस प्रकार का सफाई कार्य कराया जाना बाल श्रम अधिनियम के प्रतिकूल है और इसके लिए संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।
24 घंटे में मांगा गया जवाब।

मामले को लेकर बीडीओ ने प्रधानाध्यापक से वायरल वीडियो तथा छोटे-छोटे बच्चों से सफाई कार्य कराने के संबंध में अपना स्पष्ट स्पष्टीकरण 24 घंटे के अंदर कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा है। पत्र में यह भी संकेत दिया गया है कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई प्रतिलिपि
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने पत्र की प्रतिलिपि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, अनुमंडल पदाधिकारी, बिरौल तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा को भी सूचना एवं अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजी है।

गौरतलब है कि विद्यालय में बच्चों से सफाई कराने का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठ रहे थे कि जब विद्यालय में पढ़ाई के लिए बच्चों को भेजा जाता है तो उनसे जंगल-झाड़ी और परिसर की सफाई क्यों कराई जा रही थी। अब बीडीओ के स्पष्टीकरण आदेश के बाद पूरे मामले में प्रधानाध्यापक के जवाब पर नजर टिकी है।