मुठभेड़ में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ कुख्यात उत्तम राय,पांच जिंदा कारतूस ,दो मोबाईल ,एक वाई-फाई राउटर बरामद 

दस्तक 7 मीडिया ,क्राइम रिपोर्टर /मुजफ्फरपुर 

जजुआर थाना क्षेत्र में गुरुवार, 13 अगस्त को पुलिस और कुख्यात अपराधी उत्तम राय के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखते ही उत्तम राय और उसके साथियों ने दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। हालांकि, अपराधी पुलिस को चकमा देकर बाइक से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर टीम छापेमारी के लिए पहुंची थी। पुलिस की भनक लगते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद उत्तम राय और उसके साथी अपना सामान मौके पर छोड़कर बाइक से भाग निकले।

घटनास्थल से पुलिस ने पांच जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक वाई-फाई राउटर बरामद किया है। पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि उत्तम राय शातिर और मोस्ट वांटेड अपराधी है। उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और दरभंगा समेत कई जिलों में हत्या, लूट और रंगदारी के करीब एक दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कॉम्बिंग जारी है।