TRE-4 का विज्ञापन नहीं जारी होने से अभ्यर्थियों में आक्रोश, 18 से आमरण अनशन का ऐलान
TRE-4 का विज्ञापन नहीं जारी होने से अभ्यर्थियों में आक्रोश, 18 से आमरण अनशन का ऐलान
TRE-4 का विज्ञापन नहीं जारी होने से अभ्यर्थियों में आक्रोश, 18 से आमरण अनशन का ऐलान
दस्तक 7 मीडिया /पटना
बिहार में बीपीएससी TRE-4 शिक्षक भर्ती का विज्ञापन अब तक जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अभ्यर्थियों ने 18 अगस्त से पटना के कृष्णा घाट पर आमरण अनशन शुरू करने की घोषणा की है। उनका कहना है कि जुलाई में शिक्षा मंत्री की ओर से विज्ञापन जारी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अगस्त का आधा महीना बीतने के बावजूद अब तक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग TRE-4 का विज्ञापन तत्काल जारी करने और रिक्तियों की संख्या स्पष्ट करने की है। सरकार की ओर से करीब 32,388 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव आगे बढ़ाए जाने की बात कही जा रही है, जबकि अभ्यर्थी रिक्तियों की संख्या बढ़ाकर 46 हजार से अधिक करने की मांग कर रहे हैं।
एसटीईटी कराने की भी मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2026 में अब तक माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) आयोजित नहीं हुई है। ऐसे में नए अभ्यर्थियों को आगामी शिक्षक भर्ती से बाहर होने का खतरा है। उनकी मांग है कि TRE-4 से पहले एसटीईटी का आयोजन कराया जाए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिल सके।
परीक्षा नियमों में बदलाव का विरोध
अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती परीक्षा को दो चरणों में कराने के प्रस्ताव और परीक्षा नियमावली में अचानक बदलाव की चर्चा का भी विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट नियम और पारदर्शी व्यवस्था पहले से तय की जाए। विज्ञापन जारी करने में लगातार हो रही देरी को लेकर कुछ प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।
पहले भी हो चुका है प्रदर्शन
TRE-4 को लेकर इससे पहले भी पटना के डाकबंगला चौराहे और गांधी मैदान के आसपास अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज को लेकर भी अभ्यर्थियों में नाराजगी है। अब उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द ठोस और लिखित कार्रवाई नहीं की, तो 18 अगस्त से शुरू होने वाला अनिश्चितकालीन आमरण अनशन व्यापक आंदोलन का रूप ले सकता है।