दस हजार रुपये रिश्वत लेते शिक्षक-सह-समन्वयक गिरफ्तार,

बारूण केशव उच्च विद्यालय में निगरानी की कार्रवाई, अंक-पत्र, एसएलसी और मूल प्रमाणपत्र देने के एवज में मांगी थी रिश्वत

दस्तक 7 मीडिया /औरंगाबाद।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बुधवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केशव उच्च विद्यालय, बारूण के शिक्षक-सह-समन्वयक शशिभूषण लाल को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी विद्यालय परिसर स्थित खेल-कूद कक्ष से की गई।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, जम्होर थाना क्षेत्र के मखरा निवासी संतोष कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी ने बिहार मुक्त विद्यालय शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड, पटना के अंतर्गत केशव उच्च विद्यालय, बारूण से 10वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की है। अंक-पत्र, एसएलसी और मूल प्रमाणपत्र देने के एवज में शिक्षक-सह-समन्वयक द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर 12 अगस्त को निगरानी थाना कांड संख्या 097/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस निरीक्षक अनन आनंद के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक रिशिता स्नेह के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया।

धावादल ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए शशिभूषण लाल को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधान कार्रवाई जारी है।