12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन का निर्देश
12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन का निर्देश
12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन का निर्देश
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा अजय कुमार शर्मा ने न्यायिक मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। उन्होंने सुलह-समझौते योग्य अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने न्यायालयों में लंबित सुलह-समझौता योग्य मामलों को चिह्नित कर संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्युत विभाग से जुड़े मामलों की विशेष रूप से सूची तैयार करने को कहा, ताकि विभागीय अधिकारियों के सहयोग से पक्षकारों की प्री-काउंसलिंग कराकर अधिक से अधिक मामलों का निपटारा किया जा सके।
बैठक में आपराधिक मामलों के अलावा चेक बाउंस, माप-तौल, वन विभाग और श्रम विभाग से संबंधित मामलों को भी चिह्नित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लंबित मामलों का आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर निष्पादन हो सके।
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी सहित न्यायिक अधिकारी मौजूद थे।