शराब विनष्टीकरण से लेकर लंबित वारंटों तक की एसएसपी ने की समीक्षा , दिये कई निर्देश
शराब विनष्टीकरण से लेकर लंबित वारंटों तक की एसएसपी ने की समीक्षा , दिये कई निर्देश
शराब विनष्टीकरण से लेकर लंबित वारंटों तक की एसएसपी ने की समीक्षा , दिये कई निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने गुरुवार को अपने कार्यालय में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, अंचल पुलिस निरीक्षकों एवं पर्यवेक्षक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में पुलिसिंग की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। बैठक में शराब से जुड़े मामलों, दागियों के सत्यापन, संपत्ति मूलक अपराध और लंबित कांडों के निष्पादन समेत कई बिंदुओं पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में शराब विनष्टीकरण से संबंधित प्रस्ताव एवं विवरणी की समीक्षा की गई। शराब के साथ वाहन जब्त किए जाने के मामलों में राजसात के लिए भेजे जाने वाले प्रस्तावों की भी समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। दागियों के सत्यापन के बाद तैयार विवरणी की समीक्षा करते हुए आगे की कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने पिछले पांच वर्षों में दर्ज संपत्ति मूलक अपराध के मामलों में आरोप पत्रित अपराधियों की सूची की समीक्षा की। साथ ही कितने अपराधियों के विरुद्ध डोसियर का प्रस्ताव भेजा गया है, इसकी भी जानकारी ली गई।
अगस्त 2026 में दर्ज कांडों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा करते हुए कांड निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया। न्यायालय से प्राप्त लंबित समन, जमानतीय एवं अजमानतीय वारंट, इश्तिहार और कुर्की से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई तथा इनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।
बैठक में अब तक की गई सरप्राइज चेकिंग, सुपर पेट्रोलिंग, सुपर रेड और विभागीय कार्रवाई की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।