कुशेश्वरस्थान में निकली तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों ने लिया देशभक्ति का संकल्प।

दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।

कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड क्षेत्र में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रभा शंकर मिश्रा के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में प्रशासनिक कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा कुशेश्वरस्थान बाजार सहित आसपास के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी। यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहरा रहा था। पूरे रास्ते देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता एवं देशप्रेम का संदेश दिया।
इस दौरान बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। इसके प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना प्रत्येक नागरिक के मन में होनी चाहिए।
तिरंगा यात्रा के दौरान बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने भी उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना रहा।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली इस यात्रा ने कुशेश्वरस्थान में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
मौके पर सीओ राकेश रौशन भारती, प्रखंड प्रमुख अंजनी भारती, आलोक कुमार, राजेश चौपाल, राजेश राय, जितेन्द्र ठाकुर सहित संबंधित पदाधिकारी, कर्मी, और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।