15 अगस्त पर 30 हजार भूमिहीन परिवारों को मिलेगा वासभूमि का पर्चा,

अभियान बसेरा-2 के तहत तीन-तीन डिसमिल जमीन का मिलेगा मालिकाना हक, पक्के मकान की भी खुलेगी राह

दस्तक 7मीडिया /पटना 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार सरकार राज्य के करीब 30 हजार भूमिहीन परिवारों को बड़ी सौगात देने जा रही है। सरकार की ओर से इन परिवारों को सरकारी आवासीय जमीन का मालिकाना हक दिया जाएगा। इसके तहत लाभुकों को वासभूमि का बंदोबस्ती प्रमाण पत्र यानी पर्चा सौंपा जाएगा। यह अभियान ‘अभियान बसेरा-2’ के तहत चलाया जा रहा है।

पात्र भूमिहीन परिवारों को घर बनाने के लिए तीन-तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई जा रही है। जमीन का कानूनी अधिकार मिलने के बाद लाभुक प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान के निर्माण के लिए मिलने वाली सहायता का लाभ भी उठा सकेंगे।

जिला स्तर पर होगा पर्चा वितरण

स्वतंत्रता दिवस के दिन जिला मुख्यालयों में आयोजित मुख्य समारोहों अथवा विशेष शिविरों में लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र सौंपे जाने की तैयारी है। कार्यक्रमों में मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।

पोर्टल पर दर्ज होगी लाभुकों की सूची

सरकार ने सभी अंचल अधिकारियों को भूमिहीन परिवारों का सर्वेक्षण पूरा करने और पात्र लाभुकों की सूची ‘अभियान बसेरा’ पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश दिया है। जिलों में लाभुकों के सत्यापन और जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बेघरी से आजादी देने की पहल

अभियान का उद्देश्य राज्य के गरीब और भूमिहीन परिवारों को रहने के लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना है। सरकार का मानना है कि वासभूमि का मालिकाना हक मिलने से इन परिवारों के लिए पक्का मकान बनाने का रास्ता आसान होगा और वे सामाजिक एवं आर्थिक रूप से मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे।