इंस्टाग्राम दोस्ती के बाद घर से निकली 10वीं की छात्रा, 36 घंटे में पटना जंक्शन से बरामद

दस्तक 7 मीडिया /पटना

खगौल क्षेत्र से लापता हुई 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को पटना पुलिस ने 36 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। छात्रा सोमवार, 10 अगस्त को स्कूल जाने के बाद रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी। रेलवे ट्रैक के पास उसका स्कूल बैग और यूनिफॉर्म मिलने के बाद पुलिस ने अपहरण की आशंका को देखते हुए जांच तेज कर दी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए छात्रा की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसका सुराग पश्चिम बंगाल के आसनसोल से मिला।

पुलिस जांच में सामने आया कि छात्रा ने अपनी एक सहेली के माध्यम से इंस्टाग्राम पर आसनसोल निवासी युवक विशाल कुमार से दोस्ती की थी। पुलिस के अनुसार, युवक के कहने पर छात्रा घर छोड़कर पश्चिम बंगाल जाने के लिए निकली थी।

तकनीकी निगरानी से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की और छात्रा को पटना जंक्शन से सुरक्षित बरामद कर लिया। पटना सिटी एसपी (पश्चिमी) संकेत कुमार ने बताया कि छात्रा पूरी तरह सुरक्षित है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया।