शादी समारोह से 100 गज दूर युवक की पीट-पीटकर हत्या, शव मिलने से सनसनी, प्रेम प्रसंग में हत्या का शक

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।

घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के देवरी गांव में बुधवार अहले सुबह शादी समारोह से करीब 100 गज दूर 24 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक गांव में आरिफ की पुत्री के शादी समारोह में शामिल होने आया था। सुबह आरिफ की झोपड़ी के पास उसका शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी, घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार, जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच, दरभंगा भेज दिया। चाकू से वार के निशान, चापाकल का हैंडिल भी खुला मिला पुलिस के अनुसार, युवक के शरीर पर कई जगह चाकू से वार किए जाने के निशान मिले हैं। उसके मुंह पर भी चाकू से वार के निशान पाए गए। सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। घटनास्थल के पास लगे चापाकल का हैंडिल खुला मिला। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने चापाकल के हैंडिल से युवक के सिर पर हमला किया होगा। प्रथम दृष्टया युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना के बाद एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर कई साक्ष्य जुटाए और उन्हें अपने साथ ले गई। पुलिस मामले में हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।