एचआईवी जांच और उपचार को गति देने पर जोर, इंटेंसिफाइड कैंपेन की समीक्षा, 95-95-95 लक्ष्य हासिल करने पर मंथन
एचआईवी जांच और उपचार को गति देने पर जोर, इंटेंसिफाइड कैंपेन की समीक्षा, 95-95-95 लक्ष्य हासिल करने पर मंथन
एचआईवी जांच और उपचार को गति देने पर जोर,
इंटेंसिफाइड कैंपेन की समीक्षा, 95-95-95 लक्ष्य हासिल करने पर मंथन
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जागरूकता और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति की ओर से संचालित इंटेंसिफाइड कैंपेन के सफल क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों ने जिले की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में एचआईवी से संक्रमित अधिक से अधिक लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार और एआरटी केंद्र से जोड़ने पर जोर दिया गया। उपचाररत मरीजों में वायरल लोड को नियंत्रित रखने के लिए नियमित रूप से उपचार जारी रखने की आवश्यकता बताई गई।
जिलाधिकारी ने अभियान के दौरान अधिक से अधिक एचआईवी जांच, समय पर परामर्श, संक्रमित लोगों की पहचान और एआरटी केंद्र से उनकी लिंकिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने लक्षित एवं जोखिमग्रस्त समूहों तक जांच और रोकथाम संबंधी सेवाओं की पहुंच बढ़ाने को कहा।
बैठक में समाज में एचआईवी को लेकर व्याप्त भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी बनाने और नियमित रूप से इसकी समीक्षा करने को कहा गया।
अधिकारियों ने 95-95-95 लक्ष्य के तहत संक्रमित लोगों को अपनी स्थिति की जानकारी दिलाने, जानकारी रखने वाले लोगों को उपचार से जोड़ने तथा उपचाररत लोगों में वायरल लोड को नियंत्रित रखने की दिशा में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।