80वें स्वतंत्रता दिवस पर नेहरू स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को समाहरणालय के अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों को समारोह को गरिमामय, हर्षोल्लासपूर्ण एवं रंगारंग तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा। मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र को आमंत्रित किया गया है। मुख्य समारोह में सुबह 9:05 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।

डीएम ने चयनित महादलित टोलों में झंडोत्तोलन की सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश जिला कल्याण पदाधिकारी को दिया। संबंधित स्थलों पर विकास मित्र एवं शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया। भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को नेहरू स्टेडियम को समतल कर जलजमाव और कीचड़ से मुक्त कराने का निर्देश दिया गया।

समारोह के दौरान प्रभात फेरी सुबह छह बजे निकाली जाएगी। राष्ट्रगान की प्रस्तुति के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक तैयारी करने को कहा गया है। नेहरू स्टेडियम में परेड का अभ्यास होगा, जिसमें पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय और सदर एसडीओ मौजूद रहेंगे।

बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार आयुक्त कार्यालय में सुबह 9:45 बजे, आईजी कार्यालय में 10 बजे, समाहरणालय में 10:15 बजे, एसएसपी कार्यालय में 10:25 बजे, डीडीसी कार्यालय में 10:35 बजे, सदर एसडीओ कार्यालय में 10:45 बजे, पुलिस लाइन में 11 बजे और जिला परिषद में 11:15 बजे ध्वजारोहण होगा।

समारोह स्थल पर पेयजल समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था नजारत शाखा करेगी। नगर निगम क्षेत्र में स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं सजावट का निर्देश नगर आयुक्त को दिया गया। सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधियों को ई-कार्ड के माध्यम से आमंत्रित किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दोपहर 2:30 बजे लहेरियासराय स्थित इनडोर स्टेडियम में बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी। वहीं शाम छह बजे से रात 8:30 बजे तक ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।

बैठक के बाद डीएम कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने मुख्य समारोह स्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता और नगर आयुक्त को पोलो मैदान की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, डीडीसी स्वप्निल, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।