निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करें : पथ निर्माण मंत्री 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला अतिथि गृह में बुधवार को पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार के मंत्री सह दरभंगा के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र की अध्यक्षता में पथ प्रमंडल दरभंगा के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने विभाग की योजनाओं की वर्तमान स्थिति और कार्य प्रगति की जानकारी मंत्री को दी।

मंत्री ने पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता और कार्यपालक अभियंताओं से योजनावार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, कार्य पूरा होने की संभावित समय-सीमा और क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की भी जानकारी प्राप्त की।

बैठक में प्रगति यात्रा के दौरान ली गई योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें एकमी-शोभन सड़क परियोजना सहित मकीया क्षेत्र से संबंधित सड़क योजनाएं शामिल रहीं। इसके अलावा एलिवेटेड रोड समेत अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी समीक्षा हुई।

मंत्री ने संबंधित अभियंताओं को योजनाओं के काम में तेजी लाने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और अनावश्यक देरी रोकने को कहा।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने भी संबंधित अधिकारियों को पथ निर्माण विभाग की योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता राम शकल सिंह, राष्ट्रीय पथ प्रमंडल दरभंगा के अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार, बिहार राजपथ विकास निगम और पुल निर्माण निगम के अभियंताओं सहित संबंधित विभागों व एजेंसियों के अधिकारी मौजूद थे।