कर्पूरी चौक से लोहिया चौक तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा
कर्पूरी चौक से लोहिया चौक तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा
कर्पूरी चौक से लोहिया चौक तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा
दस्तक 7मीडिया दरभंगा /
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कर्पूरी चौक से शुरू हुई यात्रा बेंता चौक और लहेरियासराय टावर होते हुए लोहिया चौक पहुंची। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के साथ एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा ‘मेरा युवा भारत’ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कर्पूरी चौक स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने यात्रा में हिस्सा लिया। लहेरियासराय टावर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। लोहिया चौक पर संबोधन के बाद यात्रा का समापन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान से हुई, जबकि समापन बिहार गीत के साथ किया गया।
पथ निर्माण मंत्री सह दरभंगा के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि देश की आजादी के लिए हजारों स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों ने अपना बलिदान दिया। उनके त्याग के कारण आज देशवासी राष्ट्रीय ध्वज को गर्व के साथ फहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में लोगों की भागीदारी राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित करती है।
नगर विधायक सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जनचेतना के व्यापक आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा, हर गांव तिरंगा, हर प्रतिष्ठान तिरंगा’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। राष्ट्रीय पर्वों पर घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और स्वाभिमान की भावना प्रदर्शित करनी चाहिए।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता जिले में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की मजबूत भावना को दर्शाती है। तिरंगा देश की स्वतंत्रता, गौरव, एकता और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज की आन, बान और शान बनाए रखने की अपील की।
यात्रा में विधायक केवटी मुरारी मोहन झा, महापौर अंजुम आरा, विधान परिषद सदस्य हरि सहनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त स्वप्निल सहित जिला स्तरीय अधिकारी भी शामिल हुए। एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा ‘मेरा युवा भारत’ के सदस्यों ने यात्रा के दौरान लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।