शिवहर को मिला अनुभवी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश,

संजय अग्रवाल ने संभाला पदभार, त्वरित न्याय व पारदर्शिता को बताया प्राथमिकता

दस्तक 7 मीडिया / शिवहर 

शिवहर जिला एवं सत्र न्यायालय में मंगलवार को वरिष्ठ न्यायिक पदाधिकारी संजय अग्रवाल ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर विधिवत पदभार ग्रहण किया। पटना उच्च न्यायालय के आदेश पर उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली। पदभार ग्रहण करने पर अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। मौके पर न्यायालय के पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

शिवहर से रहा है पुराना जुड़ाव

संजय अग्रवाल पूर्व में शिवहर में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश के पद पर कार्य कर चुके हैं। इस कारण वे यहां की न्यायिक व्यवस्था के साथ अधिवक्ताओं और वादकारियों से भी परिचित हैं।

पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि शिवहर उनके लिए नया नहीं है। लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन उनकी प्राथमिकता होगी। महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने ई-कोर्ट व्यवस्था को बढ़ावा देकर आम लोगों को सुलभ और पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।

अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि संजय अग्रवाल के अनुभव और शिवहर से पुराने जुड़ाव का लाभ न्यायिक कार्यों में मिलेगा तथा मामलों के निष्पादन में तेजी आने की उम्मीद है।