बाढ़ प्रभावित इलाकों का विधायक कोमल सिंह ने लिया जायजा, सामुदायिक किचन व पेयजल व्यवस्था के दिए निर्देश

दस्तक 7 मीडिया ,गायघाट /दीपक कुमार 

गायघाट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गायघाट प्रखंड में बुधवार को बाढ़ की स्थिति का विधायक कोमल सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

विधायक ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अविलंब सामुदायिक किचन शुरू कराने तथा ग्रामीणों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रभावित परिवारों के बीच वितरण के लिए पंचायतों में त्रिपाल एवं पन्नी उपलब्ध कराई गई।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों का भी जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक कार्रवाई कर आवागमन को सुचारू बनाए रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया। विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी।