शिक्षा पदाधिकारी का विवादित टिप्पणी, विद्यालय में साफ सफाई का काम बच्चे का है, शिक्षक का नहीं , शिक्षा पदाधिकारी :प्रिंस झा

प्रशांत कुमार, दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।

कुशेश्वरस्थान पूर्वी नगर पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय धाबोलिया से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विद्यालय के प्रधान शिक्षक पर छोटे-छोटे नाबालिग छात्रों से कुदाल चलवाकर जंगल और झाड़ियों की सफाई कराने का आरोप लगा है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विद्यालय की व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि विद्यालय परिसर के बाहर नाबालिग छात्रों से कुदाल चलवाकर जंगल साफ कराया जा रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। आरोप है कि वीडियो बनाए जाने की जानकारी मिलने के बाद प्रधान शिक्षक पदम भूषण प्रसाद ने वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि छोटे बच्चों से इस तरह का शारीरिक श्रम कराया जाना उचित नहीं है। यदि विद्यालय में साफ-सफाई के लिए कर्मी की व्यवस्था है, तो फिर नाबालिग छात्रों से कुदाल चलवाने की जरूरत क्यों पड़ी, यह जांच का विषय है।

शिक्षा का अधिकार (RTE Act, 2009): इसके तहत बच्चों को मानसिक या शारीरिक प्रताड़ना देना मना है। बच्चों को पढ़ाई छोड़कर मजदूरी या सफाई के काम में लगाना उनके शिक्षा के मौलिक अधिकार का हनन है।

जानकारों की माने तो सरकारी नियमों के अनुसार, हर सरकारी स्कूल में साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मचारी नियुक्त किए जाते हैं या ग्राम पंचायत/नगर पंचायत/स्थानीय प्रशासन के माध्यम से सफाई की व्यवस्था की जाती है।इसके लिए सरकार द्वारा विशेष फंड भी आवंटित किया जाता है।

इस मामले में शिक्षा विभाग से पूरे घटनाक्रम की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है। वहीं, वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब देखना होगा कि विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और प्रधान शिक्षक के खिलाफ क्या कदम उठाया जाता है।

इस मामले में शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस झा बताते है कि 15 अगस्त की तैयारी को लेकर बच्चों से साफ सफाई कराई गई है। विद्यालय का साफ सफाई का काम बच्चे का है शिक्षक का नहीं। और जो सफाई कर्मी है उसका काम सिर्फ शौचालय साफ करना है। अंत में उन्होंने कहा कि वैसे प्रधान शिक्षक से स्पष्टीकरण पूछा गया है।