पिलखी-मैथी मार्ग पर कार से 175 लीटर विदेशी शराब बरामद,
गायघाट में पुलिस की कार्रवाई, अंधेरे का फायदा उठाकर कारोबारी फरार
दस्तक 7मीडिया ,गायघाट /दीपक कुमार
राज्य में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गायघाट पुलिस ने पिलखी-मैथी मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट डिजायर कार से 175.185 लीटर विदेशी शराब बरामद की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कार में सवार शराब कारोबारी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
गायघाट थानाध्यक्ष जेपी गुप्ता ने बताया कि पुलिस टीम पिलखी-मैथी रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (बीआर01जेएन4712) को आते देखा गया। पुलिस को देखते ही चालक ने कार रोक दी। इसके बाद कार में सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर पास के खेतों की ओर भाग निकले।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें इम्पीरियल ब्लू ग्रेन व्हिस्की की कुल 175.185 लीटर शराब बरामद हुई। इसमें 375 मिलीलीटर की 11 कार्टन में 264 बोतल, 180 मिलीलीटर की चार कार्टन में 192 बोतल, 750 मिलीलीटर की 44 खुली बोतल और 375 मिलीलीटर की 23 खुली बोतल शामिल हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार शराब कारोबारियों की पहचान की जा रही है। मामले में मद्यनिषेध कानून की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
