नशा मन, बुद्धि और शरीर को करता है प्रभावित : अजित

संवाददाता, हनुमाननगर, दरभंगा।

उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरो में डॉ. रमण राजेश फाउंडेशन के तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान के तहत ‘नशे के दुष्प्रभाव और बचाव’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। अध्यक्षता प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन बाल कल्याण न्याय पीठ दरभंगा के सदस्य एवं सामाजिक चिंतक अजित कुमार मिश्र, मोरो थानाध्यक्ष दिव्य ज्योति, शिक्षाविद सियाराम राय सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अजित कुमार मिश्र ने कहा कि नशा नाश का कारण है। यह मनुष्य के मन, बुद्धि और शरीर को प्रभावित करता है। कुसंगति के कारण बच्चे नशे की गिरफ्त में आकर अपराध की ओर बढ़ रहे हैं। इससे पढ़ाई प्रभावित होने के साथ समाज और राष्ट्र के सामने गंभीर चुनौती उत्पन्न हो रही है। थानाध्यक्ष दिव्य ज्योति ने कहा कि घरेलू हिंसा, चोरी, लूटपाट और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं के पीछे नशा प्रमुख कारणों में से एक है।
फाउंडेशन के निदेशक सुमन कुमार ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नियमित पढ़ाई करने का संकल्प दिलाया। प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार ने कहा कि विद्यालय में यूथ एवं इको क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के लिए जागरूक किया जा रहा है। संचालन डॉ. रमण राजेश ने किया। मौके पर शिक्षक, ग्रामीण और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।