महिला योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने दरभंगा पहुंची पटना की टीम,

वन स्टॉप सेंटर, पालनाघर व महिला सशक्तीकरण केंद्र का किया निरीक्षण, महिला पुलिसकर्मी की अतिरिक्त व्यवस्था पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

महिला एवं बाल विकास निगम, पटना की टीम ने सोमवार को मिशन शक्ति एवं मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत दरभंगा में संचालित विभिन्न योजनाओं और संस्थानों का निरीक्षण किया। टीम ने सेवाओं की स्थिति, आधारभूत सुविधाओं, लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच और संस्थागत व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण दल में वन स्टॉप सेंटर के नोडल पदाधिकारी राजीव कुमार एवं प्रशिक्षण एवं शोध विशेषज्ञ अंकिता कुमारी शामिल थीं। टीम ने सबसे पहले सखी वन स्टॉप सेंटर, दरभंगा का निरीक्षण किया। यहां पीड़ित महिलाओं को दी जा रही परामर्श, विधिक, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा एवं आश्रय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। आश्रय गृह में रह रहीं चार महिलाओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई।

इसके बाद अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर, बेनीपुर का निरीक्षण किया गया। यहां कुछ आवश्यक सुविधाओं की कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए व्यवस्थाओं को मजबूत करने का निर्देश दिया गया।

वन स्टॉप सेंटर में महिला पुलिसकर्मी की अतिरिक्त व्यवस्था पर जोर

निरीक्षण दल ने वन स्टॉप सेंटर को संवेदनशील संस्थान बताते हुए वहां अतिरिक्त महिला पुलिसकर्मी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही जिले के संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर केंद्र की सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि जरूरतमंद महिलाएं आसानी से इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

टीम ने पालनाघर और जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन कार्यालय का भी निरीक्षण किया। दोनों जगहों पर व्यवस्थाएं सामान्यतः संतोषजनक पाई गईं। आवश्यक सुधार वाले बिंदुओं पर संबंधित कर्मियों और अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

हर घर तिरंगा अभियान में दिलाया संकल्प

निरीक्षण के समापन पर जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन और जिला प्रशासन की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह, जिला मिशन समन्वयक ऋषि कुमार, केंद्र प्रशासक अजमतुन निशा, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ बीरेन्द्र कुमार, प्रिया खंडेलवाल, सुधा कुमारी सहित आईसीडीएस की महिला पर्यवेक्षिकाएं एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

अधिकारियों और कर्मियों ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करने का संकल्प लिया। निरीक्षण के दौरान योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन, लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच, संस्थागत गुणवत्ता और विभागों के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।