बैंक स्टेटमेंट निकालने के नाम पर एएनएम से 99,370 रुपए की ठगी, जांच में जुटी पुलिस

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

घनश्यामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घनश्यामपुर में कार्यरत एक एएनएम (सहायक नर्स मिडवाइफ) बबीता कुमारी के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने बैंक स्टेटमेंट निकालने के बहाने उनके भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) खाते से कुल 99,370 रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने घनश्यामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बबीता कुमारी ने पुलिस को बताया कि 9 अगस्त को उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताया और बैंक स्टेटमेंट निकालने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए मोबाइल पर कुछ स्टेप्स फॉलो करने को कहा। इसके बाद उनके खाते से पहली बार में 49,685 रुपये कट गए। ठग ने पीड़िता को यह कहकर झांसा दिया कि वह कटी हुई रकम वापस करवा देगा और दोबारा वही प्रक्रिया दोहराने को कहा। इस बार भी उनके खाते से 49,685 रुपये की राशि निकल गई। बाद में आरोपी ने पीड़िता से ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) मांगने की कोशिश की, लेकिन बबीता कुमारी ने ओटीपी देने से इनकार कर दिया।
पीड़िता ने इस घटना की सूचना साइबर थाना को भी दी है, जिसका शिकायत संख्या (ACK नंबर) 30508260097685 है। घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने पुष्टि की कि बबीता कुमारी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।