बाबा कुशेश्वर नाथ मंदिर में वीआईपी पूजा पर उठे सवाल, जिला अध्यक्ष मन्ना के गर्भगृह प्रवेश का वीडियो वायरल।

प्रशांत कुमार, दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।

सावन की दूसरी सोमवारी के दौरान बाबा कुशेश्वर नाथ मंदिर में वीआईपी पूजा और प्रोटोकॉल को लेकर विवाद एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। पहली सोमवारी को मंत्री के द्वारा गर्भ गृह में पूजा अर्चना के बाद अब दरभंगा जिला के भाजपा जिला अध्यक्ष मन्ना को मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कराकर विशेष पूजा-पाठ कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आम श्रद्धालुओं के बीच मंदिर में व्यवस्था और समानता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि सावन की दूसरी सोमवारी को बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा कुशेश्वर नाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए देर रात से कतार में खड़े रहे। वहीं, वायरल वीडियो में दरभंगा के भाजपा जिला अध्यक्ष मन्ना को गर्भगृह के अंदर पूजा करते हुए देखा जा रहा है। वीडियो में न्यास समिति के सचिव गोपाल नारायण चौधरी और सदस्य मणिकांत झा भी उनके साथ नजर आ रहे हैं।
श्रद्धालुओं का आरोप है कि जब आम भक्तों को लंबी कतार और निर्धारित व्यवस्था के तहत दर्शन करना पड़ता है, तो प्रभावशाली लोगों को गर्भगृह के अंदर जाकर विशेष पूजा की अनुमति किस नियम के तहत दी जाती है।

श्रद्धालुओं ने सवाल उठाया कि क्या मंदिर की व्यवस्था सभी भक्तों के लिए समान है या फिर रसूखदार लोगों के लिए अलग नियम बनाए गए हैं?
मामले में न्यास समिति के सचिव गोपाल नारायण चौधरी और सदस्य मणिकांत झा पर भी श्रद्धालुओं के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
गौरतलब है कि सावन की दूसरी सोमवारी को मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी। ऐसे में वीआईपी पूजा का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। श्रद्धालु मंदिर प्रशासन से वीआईपी पूजा की व्यवस्था, गर्भगृह में प्रवेश के नियम और संबंधित लोगों को दी गई अनुमति को सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि मंदिर न्यास समिति इस वायरल वीडियो और श्रद्धालुओं द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर क्या स्पष्टीकरण देती है और क्या सभी श्रद्धालुओं के लिए एक समान व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर कोई कार्रवाई की जाती है।