डीएम कौशल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, जिले में 40 हजार पेंशनधारियों की आधार सीडिंग बाकी
डीएम कौशल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, जिले में 40 हजार पेंशनधारियों की आधार सीडिंग बाकी
पेंशनधारियों के बैंक खाते में आधार सीडिंग जरूरी, जागरूकता रथ रवाना,
डीएम कौशल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, जिले में 40 हजार पेंशनधारियों की आधार सीडिंग बाकी
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में आधार सीडिंग कराने के लिए सोमवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता प्रचार-प्रसार रथ रवाना किया गया। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों से जल्द से जल्द अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग कराने की अपील की।
डीएम ने कहा कि “आधार सीडिंग करवाएं, पेंशन समय पर पाएं, बैंक खाता आधार से जोड़ें।” उन्होंने कहा कि बैंक खाते में आधार सीडिंग होने से पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में समय पर पहुंचाने में सुविधा होगी। साथ ही भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में करीब 40 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में आधार सीडिंग का कार्य अभी बाकी है। इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए सभी प्रखंडों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को पेंशनधारियों को आधार सीडिंग की प्रक्रिया की जानकारी देने और अधिक से अधिक लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से जोड़ने का निर्देश दिया गया है।
आधार सीडिंग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जानकारी देगा। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों से भी पेंशनधारियों को आधार सीडिंग के लिए जागरूक और प्रेरित करने का अनुरोध किया गया है।
डीएम ने कहा कि आधार सीडिंग से पेंशन राशि का समय पर भुगतान, पारदर्शिता और धोखाधड़ी से सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने पेंशनधारियों से किसी प्रकार की परेशानी होने पर संबंधित प्रखंड कार्यालय अथवा सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संपर्क करने की अपील की।
मौके पर सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग शशि कुमार रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन समेत संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।