सावन की दूसरी सोमवारी पर ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने लिया विधि-व्यवस्था का जायजा।

प्रशांत कुमार, दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।

सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा कुशेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सोमवार की सुबह से ही ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।
ग्रामीण एसपी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, श्रद्धालुओं की कतार, बैरिकेडिंग तथा आसपास के भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का घूम-घूमकर निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सावन की दूसरी सोमवारी को बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए अहले सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन कराने के लिए मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
ग्रामीण एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाए और किसी भी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न न होने दी जाए। उन्होंने विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा पर भी ध्यान देने को कहा।
सुबह से ही ग्रामीण एसपी के मंदिर परिसर में लगातार निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में भी सक्रियता बनी रही। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही थी।
सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा कुशेश्वर नाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता पूरे दिन बनी रही।