कुशेश्वर धाम में सावन की दूसरी सोमवारी पर बड़ी कार्रवाई: 67 में 30 दंडाधिकारियों से मांगा गया स्पष्टीकरण।

प्रशांत कुमार, दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।

सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा कुशेश्वरनाथ धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। लेकिन ड्यूटी के दौरान 67 में से 30 दंडाधिकारी बिना सूचना के अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल से गायब पाए गए।

ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए सभी 30 दंडाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले दंडाधिकारी में हड़कंप मच गया है।
बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष सह एसडीएम शशांक राज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सावन की सोमवारी जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था के लिए दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। ऐसे में बिना सूचना के ड्यूटी से गायब रहना गंभीर लापरवाही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्पष्टीकरण के बाद दोषी पाए जाने वाले लापरवाह दंडाधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि जब मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी थी, तो तैनात किए गए दंडाधिकारी आखिर ड्यूटी से बिना सूचना के क्यों गायब रहे। अब स्पष्टीकरण के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तय होगी।