नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, घनश्यामपुर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजा
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, घनश्यामपुर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजा
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, घनश्यामपुर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजा
दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।
स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में पीड़िता की मां के आवेदन पर घनश्यामपुर थाने में पॉक्सो एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवेदन के अनुसार, 10 जुलाई को बच्ची घर के आसपास खेल रही थी। इसी दौरान गांव के मो. फहीम पर उसे बहला-फुसलाकर एक खाली कमरे में ले जाने और उसके साथ गलत काम करने का आरोप लगाया गया है। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची तो बच्ची को कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में पाया। विरोध करने पर आरोपी द्वारा बच्ची की मां के साथ मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना के बाद मामले को लेकर गांव में पंचायत कराने का प्रयास किया गया। 26 जुलाई को पंचायत में आरोपी और उसके परिजन के शामिल होने तथा परिवार को धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद 1 अगस्त को दोबारा पंचायत बुलाई गई, लेकिन आरोपी पक्ष के लोगों के नहीं पहुंचने पर पीड़ित परिवार ने थाने में आवेदन दिया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। मामले में नामजद आरोपी मो. फहीम को रविवार देर रात पोहदी बेला गांव से गिरफ्तार किया गया। सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।