प्रेमी की शादी की खबर सुन 250 किमी दूर पहुंची प्रेमिका, थाने में हुआ फैसला; मंदिर में अंकुश ने पूजा को बनाया जीवनसाथी

दस्तक 7मीडिया /औरंगाबाद 

 प्रेमी की शादी कहीं और तय होने की खबर मिली तो समस्तीपुर की पूजा घर से निकल पड़ी। करीब 250 किलोमीटर का सफर तय कर वह औरंगाबाद के अंबा पहुंच गई। यहां प्रेमी बिहार पुलिस के सिपाही अंकुश से सामना हुआ तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मामला अंबा थाने पहुंचा। इसके बाद पुलिस की पहल और दोनों परिवारों की सहमति से प्रेम कहानी का सुखद अंत हो गया।

बताया जाता है कि औरंगाबाद में तैनात सिपाही अंकुश की शादी कहीं और तय की जा रही थी। इसकी जानकारी पूजा को मिली तो वह बिना किसी को बताए अंबा पहुंच गई। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ। मामला थाने पहुंचने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाया।

पुलिस अधिकारियों ने दोनों को समझाया और परिजनों से भी बातचीत की। काफी देर तक चली बातचीत और काउंसिलिंग के बाद दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी हो गए। इसके बाद स्थानीय मंदिर में पुलिसकर्मियों और दोनों परिवारों की मौजूदगी में अंकुश और पूजा का विवाह करा दिया गया।

मंदिर में दोनों ने पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी की। परिजनों की सहमति से पूजा और अंकुश ने एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया। इस तरह थाने में शुरू हुआ विवाद मंदिर में शादी के साथ खुशियों में बदल गया।