सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंदिर परिसर से शिवगंगा घाट तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।

प्रशांत कुमार, दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।


सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर कुशेश्वरस्थान स्थित बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष सह एसडीएम शशांक राज एवं उपाध्यक्ष प्रभाकर तिवारी ने मंदिर परिसर, शिवगंगा घाट तथा श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए की गई बैरिकेटिंग व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास की व्यवस्था, कतारबद्ध होकर जलाभिषेक कराने की व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण से जुड़े इंतजामों को देखा। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाए।
इसके साथ ही अधिकारियों ने शिवगंगा घाट का भी निरीक्षण किया। सावन की सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवगंगा में स्नान कर बाबा कुशेश्वरनाथ का जलाभिषेक करते हैं। इसे देखते हुए घाट पर सुरक्षा, बैरिकेटिंग, श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्ग तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था का जायजा लिया गया।
प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ लगातार निगरानी रखने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया।
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा कुशेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग और बैरिकेटिंग का पालन करते हुए कतार में रहकर मंदिर में प्रवेश करें तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में प्रशासन एवं पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम भी तेज कर दिया गया है।