गनौन में हथियार के साथ फोटो वायरल, पुलिस ने घर के पीछे जमीन से बरामद किया देशी कट्टा, युवक गिरफ्तार
दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।
स्थानीय थाना क्षेत्र के गनौन गांव में हथियार के साथ युवक की फोटो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात क्रांति कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर के पिछले दरवाजे के पीछे जमीन में गाड़कर रखा गया एक लोहे का देशी कट्टा बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान गनौन गांव निवासी राजेंद्र चौपाल के पुत्र क्रांति कुमार के रूप में हुई है। रविवार देर शाम बिरौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा है कि को 8 अगस्त थाना प्रभारी के सरकारी मोबाइल पर वियोडियोको गुप्त सूचना के माध्यम से हथियार के साथ एक व्यक्ति की फोटो मिली थी। फोटो के सत्यापन में व्यक्ति की पहचान क्रांति कुमार के रूप में होने के बाद घनश्यामपुर पुलिस की टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने पर क्रांति कुमार घर पर मौजूद मिला। पुलिस ने पूछताछ के दौरान उसे हथियार वाली फोटो दिखाई और हथियार के बारे में जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, क्रांति कुमार ने बताया कि हथियार को घर के पिछले दरवाजे के पीछे जमीन में गाड़कर रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जमीन की खुदाई कर एक लोहे का देशी कट्टा बरामद किया। अवैध हथियार रखने के आरोप में पुलिस ने क्रांति कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पिछले एक महीने से अवैध हथियार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस दौरान अलग-अलग स्थानों से हथियार के साथ दो युवकों और एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध हथियार रखने वालों में हड़कंप है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रवींद्र प्रसाद चौधरी, महिला सिपाही खुशबू कुमारी, महिला सिपाही प्रीती कुमारी और सिपाही विशाल कुमार शामिल थे।
