डीएवी स्कूल में अलंकरण समारोह, छात्रों को दिलाई जिम्मेदारी निभाने की शपथ, डीएम ने कहा- छोटी जिम्मेदारियां ही बड़े दायित्वों की तैयारी का आधार
डीएवी स्कूल में अलंकरण समारोह, छात्रों को दिलाई जिम्मेदारी निभाने की शपथ, डीएम ने कहा- छोटी जिम्मेदारियां ही बड़े दायित्वों की तैयारी का आधार
डीएवी स्कूल में अलंकरण समारोह, छात्रों को दिलाई जिम्मेदारी निभाने की शपथ,
डीएम ने कहा- छोटी जिम्मेदारियां ही बड़े दायित्वों की तैयारी का आधार
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
डीएवी पब्लिक स्कूल, दरभंगा की ओर से रविवार को लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में भव्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नवनियुक्त छात्र परिषद के सदस्यों को पद एवं दायित्व सौंपे गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्या स्निग्धा स्नेहा, जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी और उर्वशी रानी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अभिभावकों और विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों की भी मौजूदगी रही।
मुख्य आकर्षण छात्र परिषद के नवनियुक्त पदाधिकारियों का अलंकरण रहा। प्राचार्या, जिलाधिकारी एवं अभिभावकों ने छात्र पदाधिकारियों को बैज और सैश पहनाकर सम्मानित किया। वरिष्ठ वर्ग में स्कूल कैप्टन ज्योत्श्ना जॉन रॉय, वाइस कैप्टन नव्या सरावगी, सचिव अमृत राज, हेड बॉय अनय मिश्रा और हेड गर्ल सुमेधा कुमारी को जिम्मेदारी दी गई। कनिष्ठ वर्ग में शुभ भारद्वाज को हेड बॉय और विद्या को हेड गर्ल बनाया गया।
एनसीसी में सर्जेंट राधिका रानी, कॉरपोरल रिशव झा व आलोक कुमार तथा लांस कॉरपोरल प्रणव कुमार सिंह, रीत और ओजस कुमार को दायित्व मिला। वहीं बैंड कैप्टन जय और वाइस बैंड कैप्टन आयुश कुमार बनाए गए। इसके बाद सदन प्रभारी शिक्षकों ने छात्र पदाधिकारियों को सदन के ध्वज प्रदान किए।
नवनियुक्त छात्र परिषद सदस्यों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।
इस अवसर पर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि जीवन में निभाई गई छोटी-सी जिम्मेदारी भविष्य में मिलने वाले बड़े दायित्वों की तैयारी का आधार बनती है। नेतृत्व क्षमता से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। दायित्व निर्वहन में भेदभाव की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। विद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे ज्ञानवान होने के साथ अनुशासित, संवेदनशील, आत्मनिर्भर और समाज के प्रति उत्तरदायी युवा तैयार करें।
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी ने कहा कि जिम्मेदारी निभाने के साथ आलोचना सहने की क्षमता भी विकसित करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे और मोबाइल की लत से दूर रहने की सलाह दी।
प्राचार्या स्निग्धा स्नेहा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील और संस्कारवान नागरिक बनाना है। उन्होंने नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने, दूसरों का मार्गदर्शन करने और अपने आचरण से उदाहरण प्रस्तुत करने का अवसर है।
समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मंच संचालन दीपेन्द्र कुमार, विपुल पराशर तथा छात्राओं दीपिका और देवयानी मेहता ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्या ने किया। समारोह का समापन शिक्षा, सेवा और संस्कार के संदेश के साथ हुआ।