मवेशी तस्करों से पुलिस की साठगांठ का खुलासा, एएसआई समेत चार पुलिसकर्मी गिरफ्तार

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

पशु तस्करी के मामले में मुंगेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों की मदद करने के आरोप में एक एएसआई (जमादार) समेत चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से पुलिसकर्मियों और पशु तस्करों के बीच चल रहे कथित गठजोड़ का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार पुलिसकर्मी कथित तौर पर रुपये लेकर मवेशी तस्करों के वाहनों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराते थे। तस्करी के दौरान ये पुलिसकर्मी वाहनों को पुलिस कार्रवाई से बचाने में मदद करते थे और तस्करों के लिए ढाल का काम करते थे।

मामले में पुलिस ने एक ट्रक, एक बाइक, सात मोबाइल फोन, 47 हजार रुपये नकद और 35 मवेशी बरामद किए हैं। बरामद मवेशियों में भैंस शामिल हैं।

बताया गया कि छह अगस्त को एनएच-333बी के रास्ते एक सफेद रंग के ट्रक से मवेशियों को क्रूरतापूर्वक मुंगेर से खगड़िया ले जाने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कर रही है।